Jun 20, 2026

दिल्ली स्टेशन पर यात्री की मौत ने रेलवे सुरक्षा पर बहस छेड़ी

post-img

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में चढ़ने के दौरान यात्रियों के बीच हुई धक्का-मुक्की देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी एक यात्री को कुछ सह-यात्रियों ने बेरहमी से पीट दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब छह बजे शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुई। योगा एक्सप्रेस के स्टेशन पर पहुंचते ही जनरल कोच में सीट पाने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान बागपत निवासी पंकज धामा का कुछ यात्रियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्साए यात्रियों ने पंकज धामा को घेर लिया और उन्हें जमीन पर गिराकर लात-.घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।

प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरपीएफ का एक जवान बीच-बचाव करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो के अनुसार जवान ने किसी तरह पंकज को भीड़ से छुड़ाया और उन्हें प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित स्थान पर ले आया। हालांकि इसके बाद घायल अवस्था में पड़े पंकज को तत्काल चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी। वीडियो में उन्हें प्लेटफॉर्म के फर्श पर पड़े हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल पंकज को बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार समय पर उपचार नहीं मिलने और गंभीर चोटों के कारण उनकी जान चली गई। घटना के सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि जब घायल यात्री प्लेटफॉर्म पर पड़ा था, तब उसे तत्काल अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया। साथ ही स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आलोचना हो रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़, जनरल कोचों में अव्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।