भारत की आत्मा हमारे गांवों में बसती है और देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब हमारे गांव और कस्बे सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनें. यदि गांव विकसित होंगे, तो राज्य और राष्ट्र स्वतः ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू लेंगे." यह बात उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास खंड सभागार खटीमा में आयोजित 'जन-जन की सरकार, मुख्यमंत्री जन संवाद' कार्यक्रम के दौरान कही. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पंचायत व निकाय जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया और सरकार की उपलब्धियों का खाका पेश किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं. आज प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास योजना और स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि 'एक जनपद, दो उत्पाद' और 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड के जरिए स्थानीय पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों ने युवाओं को गांवों में ही रोजगार देकर पलायन पर प्रभावी अंकुश लगाया है। सीएम ने गर्व जताते हुए कहा कि राज्य की 2 लाख 65 हजार से अधिक बहनें 'लखपति दीदी' बनकर महिला सशक्तिकरण का नया इतिहास रच रही हैं। खटीमा को अपना घर बताते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, "मैंने खटीमा के समग्र विकास का जो संकल्प लिया था, वह आज धरातल पर साकार हो रहा है." उन्होंने क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए गदरपुर-खटीमा बाईपास, अत्याधुनिक बस स्टैंड, केंद्रीय विद्यालय और चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर के आधुनिक खेल स्टेडियम के निर्माण का जिक्र किया। सीएम ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि खटीमा और टनकपुर के बीच जल्द ही एक भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण शुरू होगा। इसके साथ ही ऊधमसिंह नगर के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर 'एम्स ऋषिकेश' के सैटेलाइट सेंटर का काम प्रगति पर है और पंतनगर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाया जा रहा है। सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में अरोमा पार्क और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के माध्यम से इस पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है।